नोएडा व ग्रेनो और करीब, हिंडन पर बनेगा तीसरा पुल
February 22, 2011 in Ahmedabad
ग्रेटर नोएडा- नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने के लिए प्राधिकरण ऐमनाबाद गांव के पास हिंडन नदी के ऊपर चार लेन का एक और पुल बनाएगा। दो पुल पहले से चल रहे हैं। नया पुल बनने से नोएडा जाना और आसान हो जाएगा। दूरी घटेगी, समय भी कम लगेगा। दो वर्ष के अंदर पुल निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
दोनों शहरों को जोड़ने के लिए इस समय एक पुल कुलेसरा व दूसरा पर्थला खंजरपुर गांव के पास है। डीसीईओ पीसी गुप्ता ने बताया कि सेक्टर एक, दो, तीन, चार व 16 बी बसने के बाद यहां आबादी काफी बढ़ जाएगी। प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन निकलेंगे। इससे दोनों पुलों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। जाम की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए प्राधिकरण ऐमनाबाद गांव के पास एक और पुल बनाएगा। हिंडन नदी से सटे सेक्टर पांच वर्ष के अंदर बस जाएंगे। इससे पहले पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा। पुल की लंबाई करीब एक किलोमीटर होगी। ग्रेटर नोएडा से इसे नोएडा के ककराला व सोरखा गांव के बीच से गुजर रही सड़क से जोड़ा जाएगा। ग्रेटर नोएडा की तरफ से जाने वाले लोग पुलिस लाइन अथवा उद्योग केंद्र होते हुए गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। वहां से पुल तक 80 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। यह सड़क छह माह में बन जाएगी। नोएडा की तरफ भी दो से ढाई किलोमीटर की सड़क बनेगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण से बातचीत चल रही है। पुल निर्माण के साथ ही नोएडा की तरफ भी सड़क बननी शुरू हो जाएगी
By : Dainik Jagran

